बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी हिस्से में एक ‘डिप्रेशन’ (कम दबाव का क्षेत्र) विकसित हो चुका है, जो तेजी से श्रीलंका की ओर बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से आने वाले २४ से ४८ घंटों में श्रीलंका और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भारी वर्षा होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, ९ और १० जनवरी को तमिलनाडु के तटीय जिलों, विशेष रूप से कन्याकुमारी, रामेश्वरम, रामनाथपुरम और करायकल में मूसलाधार से अति मूसलाधार बारिश (११५ मिमी से अधिक) होने की संभावना है। इसके साथ ही केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।
उत्तर-पश्चिम से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण उत्तर भारत के राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में ‘कोल्ड डे’ (Cold Day) का अलर्ट जारी किया गया है, जहाँ दिन का तापमान १५ डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने की संभावना है। राजस्थान के उत्तरी जिलों, जैसे चूरू और श्रीगंगानगर में शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। इसके अलावा, बिहार, झारखंड और सिक्किम में भी दिन भर ठिठुरन बनी रहेगी, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और ओडिशा के पश्चिमी हिस्सों में रात के तापमान में भारी गिरावट के साथ शीतलहर चलने का अनुमान है।












